एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के आयोजन को लेकर अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति रामपुर बुशहर ने प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कर दी है। मेले के दौरान लवी मेला मैदान रामपुर और राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर प्लॉट आवंटन के लिए 6 नवंबर से 10 नवंबर, 2026 तक नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर बुशहर एवं सचिव, अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि लवी मेला मैदान रामपुर में प्लॉट आवंटन की जिम्मेदारी तहसीलदार रामपुर को सौंपी गई है, जबकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया तहसीलदार ननखड़ी के जिम्मे रहेगी।
उन्होंने बताया कि प्लॉट आवंटन की नीलामी प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों की अध्यक्षता में कमेटियों का गठन भी किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित तिथियों के दौरान आयोजित नीलामी प्रक्रिया में भाग लेकर प्लॉट आवंटन के लिए बोली लगा सकते हैं।
