एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिला को लगभग 96 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि इस नुकसान में लोक निर्माण विभाग (PWD) को लगभग 75 करोड़, और जलशक्ति विभाग को लगभग 20 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
भारी बारिश के चलते जिला में 20 सड़कें बंद हैं, जबकि 50 से अधिक पेयजल आपूर्ति योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। बिजली बोर्ड को भी भारी नुकसान हुआ है, जिसमें घुमारवीं विद्युत मंडल के तहत 0.30 किलोमीटर एलटी लाइन कंडक्टर प्रभावित हुई है। उपायुक्त ने जानकारी दी कि फोरलेन सड़क मार्ग भी कई स्थानों पर बाधित है जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। उन्होंने राजमार्ग प्रबंधन प्राधिकरण (NHAI) को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द फोरलेन मार्ग को सुचारू किया जाए। प्रशासन ने लोक निर्माण, जलशक्ति और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग युद्धस्तर पर राहत कार्यों में जुटे हुए हैं ताकि जनजीवन सामान्य हो सके।
शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
उपायुक्त ने बताया कि भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। यदि मौसम की स्थिति में सुधार नहीं होता है तो ये आदेश आगे भी लागू रह सकते हैं।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जरूरी न हो तो यात्रा न करें और नदी-नालों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
