एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिन्होंने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने की। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. विद्या बंधु नेगी, डॉ. टी.डी. वर्मा, प्रो. राजेश नेगी सहित समस्त शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. विद्या बंधु नेगी द्वारा स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद प्राचार्य डॉ. बसोतिया ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, टीम भावना और चरित्र निर्माण को छात्रों के समग्र विकास का आधार बताया। इस आयोजन में कॉलेज की बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा सुश्री श्रुति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। श्रुति ने थाईलैंड में आयोजित अंडर-22 एशियन महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेकर कांस्य पदक जीता और कॉलेज एवं देश का नाम रोशन किया।
सम्मान समारोह के पश्चात कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न टीमों ने जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। दर्शकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और आयोजन को एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। यह आयोजन न केवल मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि था, बल्कि छात्रों के लिए खेलों में उत्कृष्टता की प्रेरणा भी बनकर उभरा।
