एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। इस वर्ष सराहन बुशहर में जिला स्तरीय दशहरा उत्सव का आयोजन 2 से 5 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस मेले में 20 प्रमुख देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। जिससे यह उत्सव और भी भव्य होगा। शनिवार को भीमाकाली मंदिर, सराहन परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी (ना.) रामपुर, हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की।
बैठक में कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई, जिनमें दशहरा मेला, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा की स्थापना, सीवरेज लाइन बिछाने और साडा क्षेत्र में सौर लाइटों की स्थापना शामिल हैं।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
साडा द्वारा भवन नियम और दिशानिर्देश: सराहन में साडा द्वारा भवन नियमों, दिशानिर्देशों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने वाले स्पष्ट बोर्ड लगाए जाएंगे।
सीवरेज लाइन और शौचालय व्यवस्था: सुलभ शौचालय की सेप्टिक टंकी को खाली करके नगर की मल-जल निकासी लाइन से जोड़ा जाएगा।
कचरा प्रबंधन और पार्किंग: बाजार और मंदिर परिसर के आसपास कचरा प्रबंधन प्रणाली में सुधार किया जाएगा। साथ ही, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सराहन में पार्किंग स्थल का विकास किया जाएगा।
वाणिज्यिक परिसर: स्मृति चिन्ह की दुकानें, रेस्टोरेंट और अन्य सुविधाओं के लिए भूमि चयन कर वाणिज्यिक परिसर बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:
बैठक में नायब तहसीलदार प्रेम नेगी, सहायक नगर योजनाकार प्रियंका भंडारी, मंदिर अधिकारी बालक राम नेगी, आरओ कुंदन नेगी, एसडीओ रमन गुप्ता, सराहन पंचायत प्रधान अनु मेहता, प्रधान शाहधार महेंद्र, और आईटीबीपी तथा एसएसबी के अधिकारी भी उपस्थित थे।
