एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर के नोगली में स्थित प्रसिद्ध जगु मंदिर की सराएं मंगलवार को लगातार हो रही बारिश के चलते हुए भूस्खलन की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि समय रहते मंदिर कमेटी की सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और मंदिर को सुरक्षित बचा लिया गया। सराएं में कुल पाँच कमरे थे, जिनमें लंगर हॉल, पंडित का कमरा, बाथरूम, रसोईघर और यात्री विश्राम कक्ष शामिल थे।
स्थानीय निवासी जगमाल सिंह ने बताया कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है, जिससे जमीन का कटाव शुरू हो गया था। कटाव के कारण सराएं के साथ-साथ मंदिर भी खतरे की जद में आ गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी ने मिलकर निर्णय लिया कि सराएं के हिस्से को मंदिर से अलग कर दिया जाए। इस कार्य को तुरंत अंजाम दिया गया और जैसे ही कटिंग पूरी हुई, देखते ही देखते सराएं भरभरा कर गिर गई। उन्होंने बताया कि सभी का मुख्य उद्देश्य मंदिर को बचाना था, और इस कार्य में सभी लोग सफल रहे।
