एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला / कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन का कहर जारी है। कुल्लू जिले के अखाड़ा बाजार में वीरवार तड़के लैंडस्लाइड से दो घर पूरी तरह ढह गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक महिला समेत 6 लोग अभी भी मलबे में दबे बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस के जवान मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं। इससे पहले मंगलवार देर रात इनर अखाड़ा बाजार में मकान भूस्खलन की चपेट में आया था। इसमें एनडीआरएफ जवान समेत दो लोग दब गए थे। मंगलवार देर रात से ही दोनों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन अभी तक दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
देवधार में 5 घरों को खतरा
कुल्लू के ही देवधार क्षेत्र में भी लैंडस्लाइड की वजह से 5 घरों को खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन मकानों को खाली करवा दिया है। इसी तरह आनी और निरमंड में 24 से अधिक घर खाली करवाए गए हैं। भूस्खलन के चलते इन घरों को खतरा पैदा हो गया है। उधर, सिरमौर जिले के नौहराधार में भी एक दर्जन से अधिक मकानों को खाली करवाया गया है।
भरमौर में 700 लोग फंसे, राज्य सरकार ने मांगे 5 अतिरिक्त हेलिकाप्टर
चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में अभी भी करीब 700 लोग फंसे हुए हैं। सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण लोग घरों तक नहीं पहुंच पा रहे। सेना का एक हेलिकाप्टर और दो छोटे चॉपर सुबह से ही मणिमहेश यात्रा पर गए श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट करने में जुटे हैं। राज्य सरकार ने
केंद्र सरकार से राहत कार्य के लिए 5 अतिरिक्त हेलिकाप्टर की मांग की है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं शुक्रवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में यलो अलर्ट रहेगा।
भारी बारिश से नुकसान
प्रदेश में 5 नेशनल हाईवे समेत 1359 सड़कें बंद हैं।
इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 46% ज्यादा बारिश हुई है।
शिमला और कुल्लू जिलों में 100% से ज्यादा अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई है।
अब तक 341 लोगों की मौत, 41 लोग लापता और 917 मकान पूरी तरह जमींदोज हो चुके हैं।
सरकारी व निजी संपत्ति को 3525 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
