एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र में दूध उत्पादकों को जुलाई और अगस्त महीने का भुगतान नहीं मिलने से रामपुर भाजपा ने सरकार के प्रति राेष व्यक्त किया है। दत्तनगर मिल्क प्लांट से जुड़े सैकड़ों दुग्ध उत्पादकों को दो माह से दूध की अदायगी नहीं हुई है।
भाजपा नेता कौल सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात करती है, लेकिन जमीनी सच्चाई इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण दूध उत्पादकों के साथ-साथ दूध परिवहन करने वाले वाहन मालिकों को भी भुगतान नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें गाड़ियों की किश्तें, ईंधन व अन्य खर्चों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कौल सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आजीविका का मुख्य साधन पशुपालन और दूध उत्पादन है। अधिकतर लोगों ने पशुचारा उधार लेकर खरीदा है, और समय पर भुगतान न होने के कारण वे दुकानदारों का कर्ज नहीं चुका पा रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति डगमगा गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस मुद्दे को हल नहीं किया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने पशु औषधालयों और चिकित्सालयों में रिक्त पदों को भरने की भी मांग की, ताकि पशुपालकों को समय पर चिकित्सकीय सेवाएं मिल सकें।
