एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में 5 सितम्बर को भारी बारिश के कारण कई सड़कों में अवरूद्ध हो गई थी, लेकिन प्रशासन ने इस संकट का शीघ्र समाधान किया। उपायुक्त अनुपम कश्यप के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाने के लिए 90 लिंक रोड बहाल किए।
उपमुक्त कश्यप ने कहा कि जिले में सेब की फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी है, और बागबान अपने फल को मंडियों तक पहुंचाने के लिए चिंतित हैं। बावजूद इसके, खराब मौसम के बाद भी प्रशासन की पूरी मशीनरी दिन-रात काम कर रही है। जिला के सभी उपमंडलाधिकारियों ने शनिवार को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क बहाली कार्यों का निरीक्षण किया और प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी और निजी मशीनरी तैनात की गई। उन्होंने कहा कि मौसम की लगातार प्रतिकूल स्थिति के बावजूद, सड़क बहाली के काम में कोई कमी नहीं आई है।
5 सितम्बर को शिमला जिले के 242 लिंक रोड में से कई रास्ते बाधित थे। इन मार्गों में शिमला ग्रामीण, सुन्नी, ठियोग, कोटखाई, चौपाल, रोहड़ू, रामपुर, कुमारसैन, डोडरा क्वार और कुपवी क्षेत्र के लिंक रोड शामिल थे। इसके अलावा, प्रमुख मार्गों में से तकलेच से रामपुर, ज्यूरी से घानवी, और एनएच 707 ब्लयूक्यारी भी बंद थे।
उपायुक्त के निर्देशों के बाद 6 सितम्बर को शाम 5 बजे तक कुल 90 लिंक रोड बहाल किए गए। प्रशासन द्वारा अब बाकी 152 लिंक रोड की बहाली का काम भी तीव्र गति से किया जा रहा है।