एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. सूर्या बोरस नेगी ने प्रेस वार्ता में कहा कि केवल प्रिंसिपल अप्रूवल से सड़क निर्माण संभव नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह कर रही है और वर्ष 2022 की एक अप्रूवल चिट्ठी को दिखाकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नेता सूरत नेगी द्वारा दिखाई गई चिट्ठी केवल प्रशासनिक स्वीकृति (Principal Approval) की है, न कि Final Approval की। इसके अलावा उस चिट्ठी की टाइमिंग भी सवालों के घेरे में है क्योंकि यह अक्टूबर 2022 की है, जब चुनावों से ठीक पहले आचार संहिता लगने वाली थी।
डॉ. बोरस ने सवाल उठाते हुए कहा,
“यदि भाजपा ने सच में इस सड़क निर्माण के लिए मंजूरी ली थी, तो फिर उसका DPR (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट), एस्टिमेट, टेक्निकल सैंक्शन और सबसे महत्वपूर्ण FCA (फॉरेस्ट क्लीयरेंस) कहां है?”
उन्होंने कहा कि केवल चिट्ठी दिखाना काफी नहीं है, जनता को धोखे में रखना भाजपा की आदत बन गई है।
विकास कार्यों पर कांग्रेस का ज़ोर
डॉ. बोरस ने यह भी बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के प्रयासों से नाथपा ब्लॉक प्वाइंट पर रिकॉर्ड समय में दो पुलों का निर्माण हुआ और बाईपास मार्ग चालू किया गया। इसके साथ ही निगुलसरी में वैकल्पिक मार्ग का 80% कार्य पूरा हो चुका है, जिस पर लगभग ₹5 करोड़ का व्यय किया गया है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों – NHAI, PWD, आर्मी, पटेल कंपनी, वन विभाग, और स्थानीय महिला मंडलों का आभार प्रकट किया, जो आपदा के समय जनता की सेवा में लगे रहे।
उन्होंने जिला भाजपा पदाधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि आपदा के समय राजनीति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा में जुटें। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री जगत ने खुद निगुलसरी ब्लॉक प्वाइंट पर पांच दिन तक डटे रहकर मार्ग बहाली का कार्य संपन्न करवाया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज नेगी, बी. डी. सी. चेयरमैन ललिता पंचारस, बी डी सी सदस्य, प्रताप नेगी व अरुणा नेगी तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य वासू भूषण आदि उपस्थित थे।
