एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज राज्य में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MORTH) की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए गठित विशेष टास्क फोर्स समिति की पहली बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य था हिमाचल प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना। इस दौरान भूमि अधिग्रहण, वन मंजूरी, पर्यावरण संबंधी मुद्दों सहित राष्ट्रीय महत्त्व की चल रही और आगामी राजमार्ग परियोजनाओं के समयबद्ध निष्पादन से संबंधित प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। ब्यास नदी की सफाई, कचरा डंपिंग स्थल की समस्या और अन्य बुनियादी अवरोधों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे का विकास राज्य में पर्यटन, व्यापार और अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करता है। उन्होंने परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मानसून में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए NHAI और MORTH के प्रयासों की सराहना की और निर्देश दिया कि स्थानीय लोगों की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, सचिव राखिल काहलों, विशेष सचिव हरबंस सिंह ब्रसकोन, HP PWD के मुख्य अभियंता ए.के. कुशवाहा, क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय बरगोटी, RO NHAI सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
