एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने लगातार तीसरे दिन आनी विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस दौरान वे राणाबाग और कोटासेरी पंचायत पहुंचे, जहां भूस्खलन से काफी नुकसान हुआ है। राणाबाग भूस्खलन क्षेत्र में निरीक्षण के समय उपायुक्त और टीम के सामने पत्थर गिरने की घटना से बड़ा हादसा टल गया।
एनएच-305 और गांवों की हालत पर फोकस
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले एनएच-305 के नगान प्वाइंट का दौरा किया, जहां सड़क भूस्खलन से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सड़क चौड़ीकरण और स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने मरेछ गांव का निरीक्षण किया। यहां दर्जनों मकानों में दरारें आ गई हैं और किसानों की उपजाऊ ज़मीन खतरे में है। उपायुक्त ने गांव और खेतों का विस्तृत सर्वेक्षण करवाने तथा क्रेट वॉल निर्माण पर विचार करने के आदेश दिए।
प्रभावित परिवारों के लिए राहत और पुनर्वास
विशेषज्ञ टीम द्वारा मकानों की स्थिरता जांचने और सुरक्षित स्थानों पर प्रभावित परिवारों के रहने और खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
राणाबाग सड़क, जो पूरी तरह अवरुद्ध है, को केवल जरूरी आपूर्ति के लिए खोलने के निर्देश दिए गए।
2 लाख की राहत और सामग्री वितरित
एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने जानकारी दी कि अब तक 2 लाख रुपए की फौरी राहत राशि, 53 किचन सेट, 137 तिरपाल, 54 कंबल और 51 स्वच्छता किट वितरित किए जा चुके हैं।
इस मौके पर एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, तहसीलदार आनी रत्नेश्वर शर्मा,अधिशाषी अभियंता (PWD) आनंद शर्मा, अधिशाषी अभियंता (NH) किशोरी लाल सुमन तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।