एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। जी.बी. पंत मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा नवागंतुक छात्रों के लिए अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. मुकेश शर्मा ने शिरकत की जबकि अध्यक्षता प्रदीप धलैड़ द्वारा की गई।
विशिष्ट अतिथियों में एमडी कविता ठाकुर, राज्य पदाधिकारी नैन्सी अटल, और कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज बसोटिया शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अतिथियों को पारंपरिक टोपी, मफलर और बैज पहनाकर स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट किए।

शिक्षा का महत्व: डॉ. मुकेश शर्मा का प्रेरणादायक संबोधन
डॉ. शर्मा ने कहा, “शिक्षा जीवन की निरंतर प्रक्रिया है जो व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती है।” उन्होंने शिक्षा को अज्ञानता दूर करने और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
“शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं देती, बल्कि यह सही निर्णय लेने, समस्याओं का समाधान करने और एक आदर्श नागरिक बनने की क्षमता प्रदान करती है,” – डॉ. मुकेश शर्मा
उन्होंने स्वामी विवेकानंद और अन्य महापुरुषों का उदाहरण देते हुए छात्रों को उनके आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, छात्रों को गुरुजनों के प्रति सम्मान और संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की सलाह दी। डॉ. शर्मा ने कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार देने और गरीब छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने की घोषणा की।
मनोरंजन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
समारोह में एबीवीपी छात्रों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें संगीत, कविता और प्रेरणास्पद गीतों ने सभी का मन मोह लिया। मंच संचालन राहुल गिरी और नितिका चौहान ने किया।
उपस्थित गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर प्रो. टी.डी वर्मा, प्रो. अनिल वर्मा, प्रो. विद्या बंधु, प्रो. राजेश नेगी, आयुष शर्मा (इकाई अध्यक्ष), और एबीवीपी कार्यकर्ता जैसे रमेश शर्मा, शिवराज शर्मा, छविन्द्र शर्मा, अतुल कश्यप सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
