एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन के निर्देशानुसार ज्वालापुर क्षेत्र के प्रभावित बागवानों की सुविधा के लिए चंबाधार में अस्थायी प्रापण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में जिला उद्यान विभाग मंडी की ओर से विशेष निरीक्षण एवं बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपनिदेशक उद्यान डॉ. संजय गुप्ता ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि एचपीएमसी इस अस्थायी केंद्र को दो कार्य दिवसों के भीतर चालू करेगा, जिससे बागवानों को सेब एवं अन्य फलों की ढुलाई पर आने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी। साथ ही उनकी उपज समय पर विपणन केंद्रों तक पहुंच सकेगी।
स्थानीय बागवानों ने सहमति जताई कि लगभग 300–500 मीट्रिक टन सेब की उपज इस प्रापण केंद्र को उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं उद्यान विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों की ओर से बागवानों को हुए 60 से 70 प्रतिशत तक नुकसान का आकलन शीघ्र पूरा कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद प्रभावित किसानों को राहत व मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और अतिरिक्त उपायुक्त गुरुसिमर सिंह पूरी प्रक्रिया की व्यक्तिगत निगरानी कर रहे हैं। उद्यान विभाग, एचपीएमसी और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी बागवान को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान न हो और समय पर राहत मिले।
