एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। जिंदल विद्या मंदिर शोलतू के विद्यार्थियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए प्रदेश में हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता हेतु 50,000 रुपए की राशि आपदा राहत कोष-2025 में प्रदान की है।
यह राशि डी. सी. किन्नौर के माध्यम से आधिकारिक रूप से राहत कोष में जमा करवाई गई। विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय परिसर में, बल्कि समुदाय स्तर पर भी आपदा जागरूकता अभियान चलाया और आम लोगों से सहयोग प्राप्त कर यह योगदान एकत्र किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। शिक्षकगण और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों के इस योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर डी. सी. किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा,
“युवा पीढ़ी द्वारा किया गया यह योगदान समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। इससे अन्य संस्थान और विद्यार्थी भी समाज सेवा की ओर अग्रसर होंगे।”
