एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता एवं पूर्व हिमकोफेड अध्यक्ष कौल सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पथ परिवहन निगम की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। सरकार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के साथ ही परिवहन निगम का ढांचा भी चरमरा गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कहीं बस में आग लग रही है तो कहीं आधे रास्ते में ही बसें बंद हो रही हैं।
रामपुर के शिंगला में हाल ही में चलती बस में आग लगने की घटना घटी, हालांकि यात्री सुरक्षित बच गए। ऐसी घटनाएं परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। कौल सिंह ने कहा कि रामपुर में कई संपर्क मार्गों पर बस सेवाएं समय पर नहीं चल रहीं, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि 15/20 के लिए चलने वाली बसें दो-दो घंटे लेट हो रही हैं, जबकि लालसा बस सेवा में देरी से स्कूली बच्चे और ग्रामीण परेशान हैं। यदि पथ परिवहन निगम ने अपनी सेवाओं में सुधार नहीं किया तो भाजपा जल्द ही इन मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी।