एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने इस दिन को राष्ट्र के लिए प्रेरणा का प्रतीक बताया और गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समर्पण के सिद्धांतों को आज के समाज में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और अहिंसा के बल पर देश को आज़ादी दिलाई। आज हम सभी को उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।” उन्होंने दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा, “गांधीजी का जीवन दर्शन हमें अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाने और सामाजिक समानता के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। आज उनकी जयंती पर उनके आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
इसके पश्चात, CTO कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और उनके ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को याद करते हुए देश की प्रगति में उनके योगदान को सराहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिमला पुलिस को दो नए वाहन भी समर्पित किए।
कार्यक्रम में राज्यपाल की धर्मपत्नी जानकी शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक हरीश जनारथा, उपमहापौर उमा कौशल, नगर निगम के पार्षदगण, उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
