एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने औहर में 10.25 लाख रुपये की लागत से जल शक्ति विभाग द्वारा निर्मित ‘रीयल टाइम पेयजल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली’ का उद्घाटन किया। इस प्रणाली का जल स्रोत पवित्र रूकमणी कुंड की जलधारा है, जो आस्था, संस्कृति और धार्मिक विश्वास का प्रतीक है।
यह आधुनिक प्याऊ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक जल प्रदान करेगा। मंत्री ने कहा कि यह पहल जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल आपूर्ति की दिशा में प्रदेश सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रणाली के तहत पानी की गुणवत्ता का रीयल टाइम में मापन होता है, जिसमें पीएच, टीडीएस, टर्बिडिटी, टीएसएस और क्लोरीन स्तर शामिल हैं।
पराबैंगनी तकनीक (यूवी सिस्टम) से शुद्ध जल बोतलबंद पानी से भी अधिक स्वच्छ और रोगाणुरहित रहेगा। जल गुणवत्ता की जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित होती है, जिससे कोई भी व्यक्ति इसे जांच सकता है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, पानी की गुणवत्ता उच्चतम स्तर पर है।
राजेश धर्माणी ने रूकमणी कुंड को न केवल जल स्रोत, बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर बताया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार औहर क्षेत्र को पर्यटन केंद्र बनाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चला रही है, जिसमें पर्यटन परिसर, पुलिस थाना, माउंटेनरी बाइकर्स के लिए सुविधाएं और हिमुडा विश्राम गृह का निर्माण शामिल है। भविष्य में यहां हेलीपोर्ट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जल ही जीवन है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे बचाने का दायित्व निभाना चाहिए। इस कार्यक्रम में जल शक्ति विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
