एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी रामपुर ने सफलतापूर्वक अपना 57वां रक्तदान शिविर आयोजित किया, जिसमें 32 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएसपी नरेश शर्मा ने किया। शिविर में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों से लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर सोटो शिमला के माध्यम से 30 लोगों ने अंगदान की शपथ ली, जो समाज में अंगदान के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है। सोसायटी अंगदान के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
नई पहल: रात्रि लंगर सेवा
सोसायटी ने समाज सेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी में 365 दिन चलने वाली रात्रि लंगर सेवा की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य अस्पताल में आए मरीजों के तीमारदारों को मुफ्त भोजन प्रदान करना है। यह सेवा प्रतिदिन रात में चलेगी, और इच्छुक व्यक्ति सोसायटी से संपर्क कर स्लॉट बुक कर सकते हैं।
आभार और भागीदारी
सोसायटी के अध्यक्ष नितेश भारती ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय संवेदनाओं को लेकर व्यापक समाज सेवा करना है। उन्होंने सोटो अधिकारी नरेश वर्मा और ब्लड बैंक रामपुर टीम का विशेष आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सोसायटी के महासचिव तिलक राज, संजय सूद, अनिल मोक्टा, जितेंद्र कश्यप, ज्योति लाल, शिवम वालिया, जतिन ठाकुर, संदीप शर्मा, सुख जीवन, सुशील, राकेश राठौर, गुरदेव मुनि, ललित ठाकुर और अतुल कश्यप सहित कई सदस्य मौजूद रहे।