एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण की 31वीं बैठक में नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने और मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए 28 परियोजना प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन प्रस्तावों में लगभग ₹1734.65 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 5388 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हिमाचल को निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बनने की दिशा में एक और कदम है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने निर्देश दिए क प्रत्येक परियोजना में कौशल-वार रोजगार का विवरण शामिल किया जाए। राज्य में श्रम-प्रधान और हरित उद्योगों को प्राथमिकता दी जाए और औद्योगिक क्षेत्रों में पट्टा दरों की समीक्षा और प्लॉट रूपांतरण नीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सतत औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
🏭 नए औद्योगिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी
प्राधिकरण द्वारा जिन नए प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, उनमें प्रमुख हैं
-मैसर्स एंगस डंडी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (जिला कांगड़ा): माल्ट स्पिरिट और जिन उत्पादन
-मैसर्स मैनवर्स फार्मा एलएलपी (पांवटा साहिब): सोलर सेल निर्माण
-मैसर्स समर्थ लाइफ साइंसेज प्रा. लि. और जुपिटर सोलरटेक प्रा. लि. (बद्दी): फार्मा और सोलर यूनिट
-मैसर्स मोरपेन मेडिपैथ लि. (बद्दी): इलेक्ट्रिक वाहन और स्पेयर पार्ट्स निर्माण
-मैसर्स सीबीजी प्लांट (पांवटा साहिब): कॉप्रेस्ड बायो गैस और जैविक उर्वरक उत्पादन
-मैसर्स बहारी रिन्यूअल एनर्जी प्रा. लि. (मंडी): मेटलर्जिकल बायोचार उत्पादन
🧩 विस्तार प्रस्तावों को भी मिली स्वीकृति
बैठक में कई मौजूदा इकाइयों के विस्तार प्रस्ताव भी मंजूर किए गए, जिनमें शामिल हैं
-कैम्पस एक्टिवियर लिमिटेड (बद्दी): जूता निर्माण इकाई
-एरिस्टोक्राफ्ट इंटरनेशनल प्रा. लि. (पांवटा साहिब): करंसी नोट और सुरक्षा पिगमेंट
-यूनाइटेड बायोटेक प्रा. लि., ज़ाइडस लाइफसाइंसेज, एरिस्टो लैबोरेटरीज, राज इंडस्ट्रीज, अल्पला इंडिया प्रा. लि. और प्योर एंड क्योर हेल्थकेयर — दवा निर्माण, पैकेजिंग और उपभोक्ता उत्पाद इकाइयां
