Choupal: स्वच्छता की ओर कदम: पौड़िया में शुरू हुआ प्रदेश का दूसरा प्लास्टिक वेस्ट पार्क

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

चौपाल। विकास खंड चौपाल की दूरदराज ग्राम पंचायत पौड़िया में हिमाचल प्रदेश के दूसरे स्वामी विवेकानंद पंचवटी प्लास्टिक वेस्ट पार्क का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसका शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त शिमला अभिषेक वर्मा ने किया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने जानकारी दी कि दुर्गम क्षेत्र में मात्र 21 दिनों में इस सुंदर पार्क का निर्माण किया गया है, जिसमें करीब 6 क्विंटल प्लास्टिक वेस्ट का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि केवल 6 महीने में चौपाल क्षेत्र में दो प्लास्टिक वेस्ट पार्कों का निर्माण कर चौपाल ने राज्य में मिसाल कायम की है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने बीडीओ चौपाल विनीत ठाकुर और प्रधान ग्राम पंचायत पौड़िया तपेंद्र मोहन शर्मा को विशेष बधाई दी।

प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल
अभिषेक वर्मा ने कहा कि प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। इन पार्कों ने न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाई है, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को भी नया आयाम दिया है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि एकत्रित कर उसके उचित प्रबंधन में सहयोग दें।

कचरे से बनी खूबसूरती: एक नई सोच
खंड विकास अधिकारी चौपाल विनीत ठाकुर ने बताया कि इन पार्कों का निर्माण यह सिद्ध करता है कि कचरे से भी सुंदरता रची जा सकती है। ये पार्क केवल सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि जागरूकता, जिम्मेदारी और स्थानीय भागीदारी का प्रतीक हैं। चौपाल ने न केवल प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को गंभीरता से लिया है, बल्कि राज्य में सतत विकास के लिए नई दिशा भी प्रदान की है।

कबाड़ से कमाल: बच्चों और पर्यटकों के लिए आकर्षण
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि पार्क निर्माण में पुराने टायरों और प्लास्टिक बोतलों का पुनः उपयोग किया गया है, जो स्थानीय बच्चों और आगंतुक पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से यह संदेश दिया जा रहा है कि कबाड़ फेंकने के बजाय उसे रचनात्मक तरीके से उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *