एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए 2 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन सभी कार्यों को मार्च 2026 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए स्नानागार, चेंजिंग रूम और महिला व पुरुषों के लिए पृथक शौचालय बनाए जाएंगे। 75 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा, जिससे परिसर की सुंदरता और स्वच्छता में वृद्धि होगी।
उपायुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड आधारित दान प्रणाली (डोनेशन सिस्टम) लागू की जाएगी, जिससे भक्तगण डिजिटल माध्यम से दान कर सकेंगे। साथ ही, मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट भी तैयार की जा रही है, जिसके माध्यम से श्रद्धालु ऑनलाइन दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मां श्री नैना देवी मंदिर की तर्ज पर एलईडी स्क्रीन दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है, ताकि अधिक श्रद्धालु बिना भीड़भाड़ के दर्शन कर सकें।
