एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
बिलासपुर शहर में मुख्य सड़कों के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदारों ने मुख्य सड़क से सटे हिस्सों पर कबाड़ और अन्य सामान फैला रखा है, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है और बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। इससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम सदर ने मौके पर ही दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी प्रकार के अतिक्रमण एक सप्ताह के भीतर स्वयं हटाएं, अन्यथा प्रशासन जबरन कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जुर्माना वसूल कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कें जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या रुकावट कानूनन दंडनीय अपराध है। सभी दुकानदारों से अपेक्षा की गई है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें।
पीडब्ल्यूडी से तय अवधि के बाद मांगी मौके की रिपोर्ट
एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए कि तय अवधि के बाद अतिक्रमण की स्थिति की पुनः समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बिलासपुर शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला शहर बनाने के लिए निरंतर अभियान चला रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क किनारे अतिक्रमण, जाम और दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है, इसलिए प्रशासन किसी भी ढिलाई को बर्दाश्त नहीं करेगा। यह अभियान सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
