एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष में रामपुर में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्साह और खेल भावना का शानदार माहौल देखने को मिल रहा है। बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में रामपुर और निरमंड क्षेत्र के लगभग 125 खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में अपना कौशल दिखा रहे हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नशे से दूर रखना है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ सामाजिक भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पहले दौर में पदम स्कूल रामपुर, एबीसी रामपुर, सोनी लीडर, मोराल बॉयज झाकड़ी, पीजी कॉलेज रामपुर, बीबीए ए और बीबीए बी की टीमों ने जीत दर्ज की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के अनुसार लवी मेले के दौरान हर वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्रीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर पुनीत गुप्ता, पंकज चौहान, रवि शर्मा, डीपी चेतन शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
