एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपु़र बुशहर
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के ज्यूरी संबंधित प्रोफेशनल बॉक्सिंग प्रमोटर जीता सिंह चौहान ने 19 जुलाई को श्रीलंका का आधिकारिक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य भारत और श्रीलंका के बीच पेशेवर मुक्केबाजी (प्रोफेशनल बॉक्सिंग) के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना और दोनों देशों के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसरों का विस्तार करना है।
श्रीलंका पहुंचने पर द हिमालयन किंग प्रमोशन का प्रतिनिधित्व कर रहे जीता सिंह का सीलोन प्रो बॉक्सिंग कमीशन के अध्यक्ष चंद्रलाला नानायक्कारा ने स्वागत किया। दोनों पक्षों के बीच हुई बैठक में निकट भविष्य में श्रीलंका में एक अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट आयोजित करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच खेल सहयोग बढ़ाने, प्रोफेशनल बॉक्सिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, श्रीलंकाई मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने तथा दोनों देशों के खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के बेहतर अवसर प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
जीता सिंह ने कहा कि वह श्रीलंका में प्रोफेशनल बॉक्सिंग के विकास के लिए सीलोन प्रो बॉक्सिंग कमीशन के साथ मिलकर कार्य करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने भविष्य में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई।
वहीं, सीलोन प्रो बॉक्सिंग कमीशन के अध्यक्ष चंद्रलाला नानायक्कारा ने प्रस्तावित साझेदारी का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल श्रीलंका में पेशेवर मुक्केबाजी के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ भारत और श्रीलंका के बीच खेल संबंधों को भी मजबूत करेगी। प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट से संबंधित विस्तृत जानकारी आने वाले महीनों में आधिकारिक रूप से जारी किए जाने की संभावना है।
