एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद कंगना रनौत ने आज जनजातीय जिला किन्नौर के आईटीबीपी भवन के सम्मेलन कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिशा के अंतर्गत आने वाली विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में मनरेगा, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना सहित अन्य केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की स्थिति का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। सांसद ने लंबित कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों एवं लघु-मध्यम उद्यमों को सशक्त करने पर चर्चा की गई ताकि स्थानीय लोगों की आर्थिकी को मजबूती मिल सके। जिला किन्नौर के स्थानीय उत्पादों को प्रदेश व राष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साडा रिकांग पिओ द्वारा पोवारी स्थित कूड़ा संयंत्र एवं ठोस कचरा प्रबंधन पर प्रस्तुति दी गई, जिस पर सांसद ने बेहतर समन्वय व प्रबंधन के निर्देश दिए। वहीं रु-अर्बन मिशन के अंतर्गत मूरंग व सांगला क्लस्टर में कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद कंगना रनौत ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर किन्नौर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सतत् विकास और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, उपमंडलाधिकारी पूह रवींद्र ठाकुर, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही संचालन जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी ने किया।
