एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू जिला के आनी उपमंडल की दलाश पंचायत के रठोह गांव में मंगलवार देर रात एक भीषण अग्निकांड में तीन मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों का सामान नष्ट हो गया, हालांकि किसी तरह की जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार यह घर चार भाइयों का संयुक्त मकान था, जिसे उन्होंने मजदूरों को किराये पर दे रखा था। आग लगने के समय मजदूर अंदर ही मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि मकान को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही बुधवार सुबह राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनैट ने बताया कि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व टीम को साइट पर भेज दिया है और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी।
