एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर के दत्तनगर में रविवार को जिला शिमला अंडर-17 लड़के व लड़कियों के वॉलीबॉल चयन ट्रायल का सफल आयोजन हुआ, जिसमें वन मंडलाधिकारी रामपुर गुर हर्ष सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कुलदीप सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि खेल न सिर्फ शारीरिक फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता और टीम सहयोग की भावना को भी विकसित करते हैं।
यह ट्रायल जिला शिमला वॉलीबॉल संघ के सचिव यशविंदर ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ट्रायल में 75 लड़कों और 35 लड़कियों सहित कुल 110 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। खिलाड़ियों में चयन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि चुने गए खिलाड़ी जिला शिमला का प्रतिनिधित्व करेंगे और 26 से 28 नवंबर को मंडी में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चयनित 12 लड़कों और 12 लड़कियों की सूची रात 8 बजे तक जारी कर दी जाएगी।
यह ट्रायल दत्तात्रेय वॉलीबॉल एकेडमी के सौजन्य से आयोजित किया गया। चयन प्रक्रिया का संचालन राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विनोज नेगी, विकास कंवर, हितेश ठाकुर, चेतन शर्मा और प्रतीक शर्मा (NIS कोच) सहित अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में किया गया। सभी प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
