एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
जिला बिलासपुर के गोविंद सागर झील तट पर स्थित लुहणू मैदान में तीन दिवसीय जल तरंग जोश महोत्सव का समापन पर्यटन अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक मंत्री) आर.एस. बाली ने किया। महोत्सव के समापन अवसर पर आर.एस. बाली ने कहा कि यह उत्सव अब प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शुमार हो गया है और पर्यटन विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को नए जोश के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृति में पूरे पंडाल में दो मिनट का मौन रखा। बाली ने कहा कि विंग कमांडर स्याल ने देश का गौरव बढ़ाया है और उनके साहस व सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा जल तरंग जोश महोत्सव की यादों को संजोते हुए प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया।
मुख्य अतिथि का स्वागत उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, निदेशक मत्स्य विवेक चंदेल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
