एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी के नेतृत्व में रविवार को कुफरी में एक दिवसीय विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यटकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि शिमला सहित कुफरी क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सर्दियों के मौसम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचते हैं, ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अत्यंत आवश्यक हो जाती है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे सीट बेल्ट अवश्य लगाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सनरूफ से बाहर निकलने जैसी खतरनाक हरकतों से बचें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पर्यटक को किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या का सामना करना पड़े तो वे जिला प्रशासन से तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आम नागरिकों से भी मानवीय कर्तव्य निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय वीडियो बनाने या फोटो खींचने के बजाय घायल व्यक्ति की मदद करें और समय रहते उसे उपचार दिलाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि अभियान के दौरान इंटरसेप्टर वाहनों की सहायता से चेकिंग भी की गई। ये वाहन हिमाचल प्रदेश स्टेट रोड ट्रांसफॉर्मेशन परियोजना के अंतर्गत विश्व बैंक की सहायता से खरीदे गए हैं। इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीक जैसे डेवलपर रडार, एल्को सेंसर, ब्लैक ग्लास डिटेक्ट सिस्टम, फ्लैशर डिटेक्टर सिस्टम, जीपीएस और सीसीटीवी से लैस हैं। इनसे रात के समय भी प्रभावी गश्त, निगरानी और साक्ष्य एकत्र करने में मदद मिलती है, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी हुई है।
इस मौके पर एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी सुमेध शर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
