एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यूनियन की एक अहम बैठक रविवार को पंचायत समिति सभागार रामपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन की राष्ट्रीय समन्वयक सुदेश वर्मा ने की। इसमें शिमला, किन्नौर, रामपुर से सटे कुल्लू जिले से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
राष्ट्रीय समन्वयक सुदेश वर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से 5 से 6 विभागों का कार्य लिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आज भी सम्मानजनक मानदेय नहीं मिल पा रहा है। कई कार्यकर्ता 35 से 40 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुकी हैं, लेकिन उन्हें आज तक ग्रेच्यूटी का लाभ नहीं मिल पाया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मात्र 10,500 रुपये मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में बेहद अपर्याप्त है। इस राशि में परिवार चलाना महिलाओं के लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
सुदेश वर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार से 18,000 रुपये मासिक मानदेय और ग्रेच्यूटी दिए जाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर विचार नहीं किया तो आगामी जनवरी या फरवरी माह में दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आई कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया तथा आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सरकार से अपने अधिकारों को जल्द लागू करने की मांग की।
