एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में आयोजित जनसंकल्प सम्मेलन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार व भाजपा पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे लोग लगातार हिमाचल के हक रोकने और प्रदेश के हाथ बांधने का काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार चुनौतियों से लड़ते हुए हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों में प्रदेश की तकदीर बदल देंगे और भ्रष्टाचार में डूबे लोगों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आम आदमी और ईमानदार व्यक्ति की लड़ाई है, जिसे पूरी मजबूती के साथ अंदर—बाहर दोनों मोर्चों से लड़ा जाएगा।

जनता ने साधारण परिवार के व्यक्ति पर भरोसा जताया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जनसैलाब इस बात का प्रतीक है कि जनता ने एक साधारण परिवार से उठकर प्रदेश का नेतृत्व संभालने वाले व्यक्ति पर विश्वास जताया है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि देश की एकता के लिए सबसे बड़े बलिदान कांग्रेस नेताओं ने दिए हैं—इंदिरा गांधी ने 36 गोलियां खाईं और राजीव गांधी बम धमाके में शहीद हुए, जबकि भाजपा का योगदान शून्य रहा है।
नारे लगाने वालों को फटकार—“अनुशासन कांग्रेस की पहचान
अपने संबोधन के दौरान मंच के पास नारे लगाने वाले कुछ कार्यकर्ताओं को सीएम ने फटकार लगाई और कहा कि अनुशासन ही कांग्रेस की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला कदम सचिवालय नहीं, बल्कि अनाथ आश्रम में पड़ा, क्योंकि राजनीति में वे दिखावे के लिए नहीं, बल्कि चुनौतियों के लिए आए हैं।
भाजपा 20 लोगों को बैठाकर फर्जी अभियान चला रही
सुक्खू ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दुष्प्रचार के लिए भाजपा अपने कार्यालयों में 20 लोगों को बैठाकर सोशल मीडिया पर फर्जी अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश पर—
75,000 करोड़ रुपये का कर्ज,
10,000 करोड़ रुपये कर्मचारियों का बकाया,
छोड़कर चली गई।
केंद्र ने O.P.S. के बाद रोक दिए 1,600 करोड़ रुपये
सीएम सुक्खू ने कहा कि ओपीएस लागू करने के बाद केंद्र सरकार ने 1,600 करोड़ रुपये की ग्रांट रोक दी।
आपदा के समय भी केंद्र से मदद नहीं मिली—
कुल्लू में संकट के समय वायुसेना की मदद नहीं दी गई। लेकिन हिमाचल सरकार ने चंद्रताल से 350 पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर मिसाल पेश की, जिसकी विश्व बैंक और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी सराहना की।
भाजपा नेताओं ने हिमाचल की संपदा बेची — सुक्खू का बड़ा आरोप
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर प्रदेश की संपदा बेचने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा शराब ठेकों में भारी हेराफेरी की गई, 4,500 बीघा जमीन मात्र 112 करोड़ में दे दी गई, 23 वर्ष बाद वाइल्ड फ्लॉवर होटल को वापस सरकारी नाम कराया गया, जिससे JSW से 250 करोड़ की आय सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों और संपत्तियों को बेचने वालों को जल्द बेनकाब किया जाएगा।
यह लड़ाई अभी शुरुआत है, अगला चुनाव 52 सीटों के साथ जीतेंगे
सुक्खू ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है, और यह लड़ाई अंदर व बाहर दोनों मोर्चों पर लड़ी जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि अगला चुनाव कांग्रेस 52 सीटों के साथ जीतेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रमुख उपलब्धियों का विवरण दिया
ओपीएस बहाली से 1.36 लाख कर्मचारियों को राहत।
इंदिरा गांधी प्यारी बहना योजना के तहत 35,687 महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि।
अन्य पेंशनधारी महिलाओं की पेंशन भी बढ़कर 1500 रुपये।
680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्टअप योजना से युवाओं को नई ऊर्जा।
पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शिक्षा लागू।
गाय के दूध पर 51 रुपये, भैंस के दूध पर 61 रुपये MSP—देश में पहली पहल।
गोबर खरीद योजना 300 रुपये/क्विंटल की दर पर।
कृषि व बागवानी के लिए यूनिवर्सल कार्टन प्रणाली और नई हिमाचल बागवानी नीति।
अब तक 23,200 सरकारी नौकरियां, जो पिछली सरकार की तुलना में अधिक।
