एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने बुधवार को चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट (सीसीआई) कलैहली का निरीक्षण कर वहां बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के रहन-सहन, सुरक्षा व्यवस्था एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने संस्थान की लाइब्रेरी, आवासीय कक्षों, रसोईघर, शौचालय, स्नानगृह सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके उपरांत उपायुक्त ने बिहाली स्थित निर्माणाधीन चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट भवन के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आगामी सत्र से संस्थान को आरंभ करने पर जोर दिया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण एवं बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के भी निर्देश संबंधित विभाग को दिए।
इस अवसर पर एसडीएम पंकज शर्मा, डीपीओ कुंदन लाल, बीडीओ मोहित गुप्ता सहित बाल विकास एवं परियोजना विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
