एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर की रूपी ग्राम पंचायत में मंगलवार को वर्ष 2025 की अंतिम ग्राम सभा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान रामेश्वर नेगी ने की। बैठक में पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम सभा में विशेष रूप से वर्ष 2026-27 के लिए मनरेगा की वार्षिक शेल्फ, एक वर्ष में पांच कार्यों की शेल्फ, पेंशन मामलों तथा अन्य विकास योजनाओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान बीपीएल सूची को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए। जानकारी के अनुसार बीपीएल श्रेणी के लिए कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनकी जांच के बाद समिति द्वारा 24 पात्र व्यक्तियों को बीपीएल सूची में शामिल किया गया। शेष पात्र लोगों को 1 जनवरी से 30 जनवरी तक नए बीपीएल आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा।
ग्राम पंचायत प्रधान रामेश्वर नेगी ने ग्राम सभा में कोरम की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि समय पर कोरम पूरा न होने की स्थिति में पूरे वर्ष पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए भविष्य में भी ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। ग्राम सभा के मुख्य एजेंडे में पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा कर उनके अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की गई। साथ ही पंचायत के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर उसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त बैठक में आदि कर्मयोगी योजना की कार्य योजना, पंचायत परिवार रजिस्टर से खातों को अलग करने (खाता मर्ज), 15वें वित्त आयोग के तहत जल शक्ति विभाग की टाइड फंड राशि का हस्तांतरण, नशा निवारण अभियान को प्रभावी बनाने तथा शौराग हाइड्रो पावर परियोजना के लिए भूमि हस्तांतरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। ग्राम सभा को पंचायत के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर उप प्रधान मुकेश खोजान, पंचायत सचिव शिव चंद, बीडीसी सदस्य मंगला खोजान, मनरेगा निरीक्षक अनिता, कृष्ण गोपाल, सविता कुमारी, कमला, सलोचना देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
