एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा बिलासपुर के बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर में दो दिवसीय राज्य युवा उत्सव का शुभारंभ नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। इस अवसर पर हिमुडा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य जितेंद्र चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ने कहा कि राज्य युवा उत्सव केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने, संचार कौशल विकसित करने और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्वयं पर विश्वास और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी मौलिक पहचान को समझें और सशक्त बनाएं। उन्होंने प्रतिभागियों को आपसी संवाद, नेटवर्किंग और आजीवन संबंधों के निर्माण पर बल देते हुए कहा कि मजबूत सामाजिक और पेशेवर नेटवर्क भविष्य में अवसरों और सफलता की ठोस नींव रखते हैं।
राजेश धर्माणी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश देते हुए कहा कि विशेष रूप से सिंथेटिक ड्रग्स युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है तथा ‘ग्रीन हिमाचल’ जैसी पहलें भावी पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने और अपेक्षाओं से अधिक मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि अतिरिक्त प्रयास ही सकारात्मक और स्थायी परिणाम लेकर आते हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और मानवता के प्रति जिम्मेदारी निभाने पर भी युवाओं से विशेष आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी उत्तम डोड तथा खेल अधिकारी मुख्यालय शिमला अनुराग वर्मा ने विभाग की ओर से मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को सम्मानित किया। उन्होंने जानकारी दी कि इस राज्य युवा उत्सव में प्रदेश के 11 जिलों से आए लगभग 290 प्रतिभागी लोकगीत, लोकनृत्य, कविता पाठन, भाषण एवं चित्रकला जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह उत्सव युवाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम में युवा नेता आशीष ठाकुर, अमित दत्त, ईशान अख्तर सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी, विभागीय अधिकारी तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
