एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत को सड़क सुविधा से जोड़ना और पर्याप्त बजट उपलब्ध करवा कर उन्हें सशक्त बनाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। वह शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढ़ई में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पंचायत सामुदायिक भवन के लोकार्पण अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पंचायत क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों को नवनिर्मित भवन की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण पंचायतों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। पिछले तीन वर्षों में बढ़ई पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 17 लाख रुपये विधायक निधि से तथा 72 लाख रुपये अन्य मदों से उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ई नाम से नया जिला परिषद वार्ड गठित किया गया है, जिसमें आसपास की पंचायतों के साथ शोधी क्षेत्र की अधिकांश पंचायतों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं जनगणना पर आधारित होती हैं और वर्तमान में 2011 की जनगणना के अनुसार धनराशि स्वीकृत की जा रही है। आगामी जनगणना शीघ्र करवाने के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को मामला भेजा है।
लोक निर्माण मंत्री ने जानकारी दी कि संकट मोचन से बढ़ई और आंजी चिड़ियाघर तक सड़क को पक्का करने के लिए 37 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और कार्य आवंटित कर दिया गया है। इस सड़क पर पहली बार सीजीएमजी तकनीक से निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे बरसात के दौरान सड़कों के खराब होने की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपने को साकार करते हुए संकट मोचन सहित शिमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन पार्किंग सुविधाएं विकसित की गई हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने बढ़ई पंचायत के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा पंचायत सामुदायिक भवन के हॉल के लिए टेबल टेनिस किट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश को मिलने वाली 250 नई डीजल बसों के आने पर बढ़ई गांव और आसपास के क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर नए बस रूट शुरू किए जाएंगे। साथ ही जहां बड़े बस रूट संभव नहीं हैं, वहां टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त मझयाट में आधुनिक कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य प्रगति पर है। वहीं बिहार गांव व आसपास के छूटे घरों को घरोग-घण्डल उठाऊ पेयजल योजना से जोड़ने का आश्वासन भी दिया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रधान प्रियंका तनवर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पंचायत क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी और पंचायत सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकतर मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।
