एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर वीरवार को उपमंडलाधिकारी नागरिक रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों की रूपरेखा, मंच संचालन, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि समारोह के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल, पीएम श्री राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला, डीएवी, कोशिश एक आशा, आईटीआई, पीएम श्री बालिका उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, साई विद्या पब्लिक स्कूल, रामपुर पब्लिक स्कूल, लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल, पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, आर्य पब्लिक स्कूल, कमला मेमोरियल पब्लिक स्कूल तथा नृत्य शिक्षा अकादमी द्वारा समूह गीत, देशभक्ति नृत्य, लोक नृत्य, वाद्य यंत्र प्रस्तुति एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त डीएवी दत्तनगर, सनशाइन पब्लिक स्कूल, शाइनिंग स्टार तथा देव भूमि सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा भी देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उपमंडलाधिकारी नागरिक ने सभी संबंधित विभागों एवं विद्यालयों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम निर्धारित समय, अनुशासन एवं गरिमा के साथ संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसे पूरे उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने रामपुर उपमंडल के सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया।
बैठक में नायब तहसीलदार सुरेश नेगी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं आयोजन से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
