एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मंडी के उपायुक्त (DC) के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन का नोटिस भेजा है। मंत्री गोमा ने आरोप लगाया है कि वे 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए मंडी पहुंचे थे, इसके बावजूद उपायुक्त स्वयं मौजूद नहीं थे, उनकी ओर से कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई। किसी अन्य अधिकारी को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए नियुक्त नहीं किया गया मंत्री के अनुसार, यह सिर्फ प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि सरकारी प्रोटोकॉल की स्पष्ट अनदेखी है।
यादविंद्र गोमा ने अपने नोटिस में कहा कि एक कैबिनेट मंत्री की आधिकारिक यात्रा के दौरान DC की अनुपस्थिति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है। उनका कहना है कि यह आचरण संवैधानिक पद की गरिमा के विरुद्ध है और विधायिका के प्रति असम्मान को दर्शाता है। यह नोटिस हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली से जुड़े अध्याय-12 के नियम 75 के तहत दिया गया है। मंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मांग की है कि नोटिस को औपचारिक रूप से स्वीकार किया जाए। DC मंडी से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण तलब किया जाए। सबकी निगाहें विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
