एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
पुरातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग जी ने आज शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव-2026 के लिए विधिपूर्वक प्रस्थान किया। कमरू घाटी के गोत गांव स्थित भंडार से प्रातःकाल देव वाद्य यंत्रों की मंगलध्वनि के बीच बड़ा देव कमरूनाग जी का सूरज पख्खा धंग्यारा गलू स्थित परता स्थल (थड़ा) पर पहुंचा। यहां कुछ समय विश्राम के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर देवता से आशीर्वाद प्राप्त किया।
बड़ा देव के पुजारी बोधराज ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि नौ दिवसीय पैदल यात्रा के उपरांत बड़ा देव कमरूनाग जी का स्वरूप सूरज पख्खा मंडी नगर पहुंचेगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में देव कमरूनाग जी अपने भक्तों को दर्शन देंगे। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी को देव कमरूनाग जी मंडी शहर के समीप गुटकर में अपने एक भक्त के घर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पश्चात 14 फरवरी को मंडी शहर के प्रवेश द्वार पुलघराट के समीप जिला प्रशासन एवं सर्व देवता कमेटी द्वारा बड़ा देव कमरूनाग का परंपरागत स्वागत किया जाएगा।
इसके उपरांत मंडी जनपद के अधिष्ठाता राज देवता माधोराय के राजमहल स्थित मंदिर में बड़ा देव कमरूनाग जी का महामिलन होगा। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन द्वारा देवता का विधिवत स्वागत किया जाएगा। राज परिवार द्वारा स्वागत के पश्चात बड़ा देव कमरूनाग जी टारना स्थित माता श्यामा काली मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे संपूर्ण शिवरात्रि महोत्सव अवधि के दौरान विराजमान रहकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के कारज बड़ा देव कमरूनाग जी के मंडी नगर आगमन के साथ ही आरंभ माने जाते हैं।
काहुली और नगाड़े की मधुर देवधुन के साथ प्रस्थान
परंपरागत देव वाद्य यंत्रों की मधुर स्वर लहरियों के बीच बड़ा देव कमरूनाग जी पूरे लाव-लश्कर के साथ राज देवता माधोराय की नगरी की ओर रवाना हुए। चार काहुलियां, रियासतकालीन नगाड़ा, ढोल और धांस की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ा देव के साथ पुजारी बोधराज ठाकुर, कटवाल चेत राम ठाकुर, पूर्व गूर सहित कुल 28 देवलू यात्रा में सम्मिलित हैं। सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के दृष्टिगत पुलिस कर्मी और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी यात्रा के दौरान साथ चल रहे हैं।
