एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू के विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को पाहनाला गांव का दौरा किया, जहां हाल ही में पहाड़ी दरकने की घटना हुई थी। दौरे के दौरान उन्होंने पाया कि साफ मौसम में भी पहाड़ी में दरारें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं और लटके हुए पत्थर भविष्य में बड़े नुकसान का संकेत दे रहे हैं। विधायक ने बताया कि पहाड़ी दरकने से लगभग 15-20 घर खतरे की जद में हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि शिमला से भू-वैज्ञानिक (Geologists) को जल्द भेजा जाए, ताकि स्थिति का गहन अध्ययन किया जा सके और उचित समाधान सुझाया जा सके।
आपदा प्रबंधन के तहत प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें आवश्यक राहत सामग्री प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा। इस दौरान रिटेनिंग वॉल और ड्रेजिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत लिंगर बणसु के लिए लगभग 17 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। साथ ही, पेयजल योजनाओं को मजबूत कर ग्रामीणों को स्वच्छ पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरे के दौरान उनके साथ एसडीएम निशांत ठाकुर, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
