एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के राज्य स्तरीय चुनाव राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुंदरनगर में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के सभी 12 जिलों से आए सैकड़ों डेलीगेट्स ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिसमें राज्य अध्यक्ष पद हेतु शिमला से अजय नेगी और पूर्व महासचिव संजीव कुमार के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जिसमें अजय नेगी ने 419 मत प्राप्त कर 108 मतों से जीत दर्ज की। संजीव कुमार को 311 मत मिले। वहीं महासचिव इंदर सिंह (मंडी), कार्यकारी अध्यक्ष दीप सिंह खन्ना (चंबा), चेयरमैन सुरेंद्र पुंडीर (सिरमौर), मुख्य संगठन सचिव चंद्र देव ठाकुर (सोलन), वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश (कुल्लू), कोषाध्यक्ष सुरजीत सिसोदिया (शिमला) से चुने गए।
इस निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रधानाचार्य हरि शर्मा, विजय कुमार, राजेंद्र वेगटा, सुरेन्द्र सकलानी, धीरज सागर एवं प्रदीप शर्मा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। कुल 734 डेलीगेट्स की भागीदारी ने इस चुनाव को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अजय नेगी की प्राथमिक मांगें:
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय नेगी ने अपने भाषण में प्रवक्ताओं की प्रमुख समस्याओं पर केंद्रित रहते हुए निम्नलिखित मांगों को प्राथमिकता देने की घोषणा की:
750 से अधिक स्कूलों में प्रिंसिपल की नियुक्ति जल्द हो।
पीएच.डी./एम.फिल. धारकों को वेतनवृद्धि तथा नेट/सेट पात्र प्रवक्ताओं को कॉलेज कैडर में पदोन्नति।
स्थानांतरण नीति में सेवा दूरी में कटौती (हार्ड एरिया: 30 से 15 किमी, सामान्य क्षेत्र: 30 से 25 किमी)।
पुरानी पेंशन योजना के लिए ठोस विधेयक की मांग।
आईपी/कंप्यूटर विषय की ₹110 अतिरिक्त फीस समाप्त की जाए।
बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों से ली जाने वाली फीस में कटौती।
4.9.14 के तहत विशेष इंक्रीमेंट की बहाली एवं वेतन विसंगतियों का समाधान।
