एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के सरकीधार में 3.29 करोड़ रुपए लागत से निर्मित उच्च और प्राथमिक विद्यालय भवन तथा पंचायत घर का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में प्राकृतिक आपदा का केंद्र जिला मंडी रहा, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ। कई विद्यालय भवन और शिक्षा विभाग की संपदा भी क्षतिग्रस्त हुई थी। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को त्वरित राहत देने और नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग के माध्यम से कुल 27.61 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए। शिक्षा मंत्री ने बताया कि राजकीय उच्च पाठशाला सरकीधार के नए भवन पर लगभग 1.40 करोड़ रुपए और प्राथमिक विद्यालय सरकीधार के भवन पर 74.68 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा पंचायत घर सरकीधार का निर्माण 1.14 करोड़ रुपए में होगा।
उन्होंने स्थानीय नागरिक चमन लाल और दिनेश का भी सम्मान किया, जिन्होंने स्कूलों के अस्थायी संचालन के लिए अपने भवन प्रदान किए।
रोहित ठाकुर ने शिक्षा में गुणात्मक सुधार के कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में 7,000 से अधिक अध्यापक नियुक्त किए गए हैं और 4,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 600 पद सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में प्रदेश के 148 राजकीय पाठशालाओं को सीबीएसई से संबद्ध किया जा रहा है और बल्ह विधानसभा क्षेत्र के गुरूकोठा और गागल स्कूल को दूसरे चरण में सीबीएसई से जोड़ने का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षा विभाग में किए गए सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूल खोलने का निर्णय प्रशंसनीय है और गुरुकोठा व गागल स्कूल को भी इसमें शामिल करने का आग्रह किया।
इस मौके पर उपनिदेशक (माध्यमिक शिक्षा) यशवीर धीमान, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल, पूर्व विधायक तिलकराज, एपीएमसी मंडी अध्यक्ष संजिव गुलेरिया, जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर, एसडीएम स्मृतिका नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण डी.आर. चौहान, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण विकास आर.के. राणा, आर्किटेक्ट विवेक शर्मा, उपनिदेशक और स्कूल के हेड मास्टर लीलाधर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
