एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 के तहत प्रभावित पंचायतों के लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
यह स्वास्थ्य शिविर पंचायत कार्यालय परिसर बायल में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। शिविर का आयोजन सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत किया गया, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा सके। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। इसमें स्त्री रोग, ईएनटी (कान, नाक और गला), हड्डी रोग, नेत्र रोग और सामान्य चिकित्सक शामिल थे।

डॉक्टरों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक परामर्श व दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में दत्तनगर और गड़ेज के 240 लोगों की जांच की गई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर उनके लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं, क्योंकि उन्हें अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल जाती हैं।
परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा ने कहा कि ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी प्रभावित क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।परियोजना प्रबंधन की ओर से यह भी बताया गया कि 21 मार्च को निथर स्थित विश्राम गृह और 27 मार्च को बिथल स्थित परियोजना कार्यालय में शिविर आयोजित करने की योजना है।
