एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश वन विभाग के तत्वावधान में 27वीं हिमाचल प्रदेश वन खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक रामपुर बुशहर में किया जाएगा। 23 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रामपुर वन वृत्त को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महाविद्यालय रामपुर के खेल मैदान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के खेल मैदान तथा दत्तनगर खेल मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न वन वृत्तों और वन मंडलों से करीब 1000 खिलाड़ी, अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता की तैयारियों और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए अरण्यपाल एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष सी.बी. ताशीलदार (भा.व.से.) की अध्यक्षता में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामपुर वन वृत्त के अंतर्गत आने वाले सभी वन मंडलाधिकारी और वन परिक्षेत्र अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, खेल स्थलों के रखरखाव, स्वागत व्यवस्था तथा प्रतियोगिता के संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
अरण्यपाल सी.बी. ताशीलदार (भा.व.से.)ने कहा कि 23 वर्ष बाद रामपुर वन वृत्त को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय आयोजन की मेजबानी मिलना पूरे वन वृत्त के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रतियोगिता को यादगार बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन, क्षेत्र की जनता तथा विभिन्न विभागों से भी आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग देने की अपील की। वन विभाग के अनुसार प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
