एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
Jaundice Outbreak in Mandi : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर उपमंडल में पीलिया का प्रकोप जानलेवा साबित हो रहा है। ताजा मामले में जिले की नेहरा पंचायत के रौड़ी गांव की एक 19 वर्षीय नवविवाहिता शानिया ने पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ में मौत हो गई। क्षेत्र में पीलिया से यह तीसरी मौत है। कॉलेज में पढ़ाई कर रही शानिया पिछले साल ही शादी हुई थी और एक हफ्ते पहले पीलिया की चपेट में आई थी। हालत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल गोहर से मेडिकल कॉलेज नेरचौक और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
मंडी के गोहर क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप (Jaundice Outbreak in Mandi) थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले एक महिला और 14 साल के लड़के की भी संक्रमण के कारण जान जा चुकी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गोहर क्षेत्र में पिछले चार महीनों में अब तक 210 लोग पीलिया से संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, अधिकांश मरीज स्वस्थ हो गए हैं, लेकिन लगातार हो रही मौतों ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति के कारण यह बीमारी फैल रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग गोहर में पीलिया के मामलों को लेकर पूरी तरह सतर्क है। विभाग की ओर से निम्नलिखित कदम उठाए जा रहे हैं। डोर-टू-डोर जागरूकता: स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को पीलिया के लक्षणों और बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में पानी के सैंपल भरे जा रहे हैं ताकि संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जा सके। उन्होंने उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी है। लोगों को सख्त हिदायत दी है कि वे केवल पानी उबालकर ही पिएं।
