एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के मंगलाड रूनपू और पलजारा गिंच्छा क्षेत्रों में प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है। लोक निर्माण विभाग रामपुर के अंतर्गत भगावट और पलजारा पंचायत में बनने वाले इन दोनों पुलों को स्टेट टेक्नीकल एजेंसी, हमीरपुर से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। अब विभाग अंतिम मंजूरी के लिए फाइल उच्चाधिकारियों को भेजने की तैयारी में जुटा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलाड रूनपू में 40 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 663.46 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। वहीं, पलजारा गिंच्छा में 55 मीटर लंबे पुल के लिए 947.48 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। विभाग द्वारा दोनों परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, जिससे अब प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
इन पुलों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर बरसात के मौसम में, जब आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, तब ये पुल अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। इसके अलावा, स्थानीय संपर्क मार्गों को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
लोनिवि सराहन के एसडीओ राहुल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उच्चाधिकारियों से अंतिम स्वीकृति मिलते ही दोनों पुलों का निर्माण कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा। इससे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने के साथ क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार होगा।
