एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल किसान सभा लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के आह्वान पर चल रहा क्रमिक आंदोलन बुधवार को 6 दिन बाद स्थगित कर दिया गया। यह निर्णय सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) और किसान सभा के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया।
हिमाचल किसान सभा के राज्य महासचिव राकेश सिंहा, प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद और अध्यक्ष कृष्णा राणा ने बताया कि किसानों की लंबित मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 अप्रैल 2025 को परियोजना प्रबंधन के साथ हुए समझौते को लागू करने में SJVN पूरी तरह असफल रहा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान शिमला में SJVN के CMD और प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ दो दिनों तक विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें प्रभावित किसानों की समस्याओं पर विचार किया गया। बैठक में यह सहमति बनी कि वर्ष 2021-22 में जिन क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वे हो चुका है, वहां प्रभावितों को तुरंत मुआवजा दिया जाएगा। इनमें फाटी गड़ेच, बायल और बरकेली क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा किसानों को एकमुश्त राशि देने पर भी सहमति बनी है। किसान सभा ने मकानों में आई दरारों सहित अन्य लंबित मुद्दों के जल्द समाधान की मांग उठाई, जिस पर SJVN ने सकारात्मक रुख दिखाया।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समझौते को समयबद्ध तरीके से लागू नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
