एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
कोली समाज खंड इकाई रामपुर की बैठक अध्यक्ष मदन कश्यप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय सम्मेलन में भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से कोली समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कोली समाज खंड इकाई रामपुर की कार्यकारिणी सहित अन्य सदस्य भी सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
इस अवसर पर समाज ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए हृदय रोग से पीड़ित कमला देवी पत्नी शीशू पाल, निवासी गांव बटाली, डाकघर करतोट, तहसील रामपुर को उपचार के लिए 6,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। बताया गया कि कमला देवी का हृदय ऑपरेशन होना है, जिस पर लगभग पांच लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। समाज के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से भी अपील की कि वे अपनी इच्छानुसार आर्थिक सहयोग प्रदान कर महिला के उपचार में सहायता करें।
बैठक में उपाध्यक्ष मंगत राम, सचिव अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष वीर सिंह, संगठन महामंत्री चुनी लाल, मोहन लाल, राज्य कार्यकारिणी सदस्य शेर सिंह, हरदयाल सिंह, मेला राम, गंगा राम, केवल राम, रीता कालटा, कृष्णा देवी, प्रेम जोशी तथा कर्म चंद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
