एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया रामपुर इकाई ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए रामपुर के डकोलढ़ क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों के बीच कपड़े, दाल, तेल, चीनी तथा अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक सहायता पहुंचाना और समाज में सहयोग व मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना था।
इस दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। संगठन ने कहा कि समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की सहायता करना केवल सरकारों की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक और सामाजिक संगठन की भी जिम्मेदारी है।
इकाई सचिव राहुल विद्यार्थी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती आर्थिक असमानता के बीच जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसएफआई केवल छात्रों के शैक्षणिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रूप से कार्य करता है। उन्होंने बताया कि संगठन भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा और समाज के कमजोर तबकों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। राहुल विद्यार्थी ने कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज में सामूहिक सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है। अंत में उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
