एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र में भालू के हमले की घटना सामने आई है। कोटला गांव में शुक्रवार दोपहर बगीचे में काम कर रहे एक युवक पर भालू का हमला। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटला गांव निवासी भोगेश्वर खन्ना अपने बगीचे में प्लम (आलूबुखारा) तोड़ रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने युवक के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों को घायल कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय युवक का एक दोस्त भी बगीचे में मौजूद था। उसने भालू का हमला होते देख शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ और शोरगुल के कारण भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लोगों ने वन विभाग से की पिंजरा लगाने की मांग
स्थानीय लोगों के मुताबिक भालू दिन के समय गांव के आसपास घूमता हुआ देखा गया था। कुत्तों द्वारा खदेड़े जाने के बाद वह खेतों की ओर चला गया और वहीं प्लम तोड़ रहे युवक पर हमला कर बैठा। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल युवक को तुरंत खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मामले की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
Rampur Bushahr: रामपुर में भालू का आतंक: पशुशाला की छत तोड़ 70 भेड़ों को बनाया शिकार, वन विभाग अलर्ट
