ब्लॉक कांग्रेस रामपुर के अध्यक्ष लाल चंद शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश सरकार के माननीय लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भेंट कर राजकीय महाविद्यालय ननखड़ी के प्रस्तावित विलय (Merger) संबंधी अधिसूचना पर पुनर्विचार करने हेतु ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष ननखड़ी क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम जनता की चिंताओं को विस्तार से रखा तथा महाविद्यालय के महत्व को रेखांकित किया। इस दौरान क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखते हुए विलय संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया गया।
उन्होंने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि इस विषय पर सकारात्मक परिणाम शीघ्र सामने आएंगे। सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही अनावश्यक चिंता करें। नए शैक्षणिक सत्र के प्रवेश जल्द प्रारंभ होने वाले हैं। ननखड़ी क्षेत्र की जनता से विशेष अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों का प्रवेश राजकीय महाविद्यालय ननखड़ी में करवाएं, ताकि छात्र संख्या में वृद्धि हो और क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। साथ ही यह प्रयास भी जारी है कि नया शैक्षणिक सत्र महाविद्यालय के नए भवन में प्रारंभ हो, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
वहीं मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ननखड़ी के कोट काली माता मंदिर में पूजा अर्जना की और ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान का पूरा आश्वासन दिया।
